ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
कनखल में आयोजित गंगा महोत्सव में गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने और लोगों को इस मुहिम से जोड़ने पर बल दिया गया। महोत्सव में हास्य कलाकार महेंद्र सिंह झंडू़ की कामेडी सुनकर दर्शक लोटपोट हो गए और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समा बांधा।
दायित्वधारी डॉ. विनोद आर्य, पंडित जोगेंद्र शर्मा, निर्मला देवी, मनोज गौतम, पंडित अधीर कौशिक और समाजसेवी सरदार गुरमीत सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। डॉ. विनोद आर्य ने कहा कि गंगा हमारी भारतीय संस्कृति की धरोहर है। मां गंगा से हमारी पहचान है। समाजसेवी बाघम्बरी शर्मा ने कहा कि गंगा सरंक्षण व संवर्द्धन के प्रयास सहभागिता से ही संभव हैं। मां गंगा को प्रदूषण मुक्त करने का संकल्प सभी को लेना चाहिए। मनोज गौतम और सरदार गुरमीत सिंह का कहना है कि मां गंगा मोक्षदायिनी है। मां गंगा को प्रदूषणमुक्त रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। आयोजक संस्था सत्य ऑनलाइन के निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा और राकेश वालिया ने अतिथियों का स्वागत किया। महोत्सव में हरियाणा के हास्य कलाकार महेंद्र झंडू़ ने चुटकले सुनाकर खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर गंगा की महत्ता को दर्शाया।
इस अवसर पर महंत जसविंदर सिंह, महंत साधनानंद, आचार्य पारसमुनि, स्वामी ऋषि रामकृष्ण, स्वामी शिवानंद भारती, नरेश सेमवाल, नरेश मुन्दरे, वीनू बागा, गंगा प्रसाद कोठारी, नीरज कुमार, सुरेश शर्मा, कुसुम चतुर्वेदी, अश्विनी कुमार, नितिन वालिया, सरदार रमणीक सिंह, नीरज कुमार, नरेंद्र प्रधान, डा.अशोक, हरीश शेरी, दीपक कुमार, दलजीत सिंह आदि मौजूद रहे।