ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। राज्य के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और पूर्व सांसद बलराज पासी ने हर साल की तरह आज भी हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने साथियों के साथ कांवड़ उठाई। सोमवार को महाशिवरात्रि के दिन यह कांवड़ बाजपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चढ़ाई जाएगी।
देर शाम अपने करीब पचास साथियों के साथ हरिद्वार पहुंचे शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और नैनीताल के पूर्व सांसद बलराज पासी ने हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान किया। इसके बाद मां गंगा की पूजा अर्चना करते हुए रात करीब आठ बजे उन्होंने कांवड़ उठाई। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि वे पिछले 18 साल से डाक कांवड़ लेकर जाते हैं।
इस बार की उनकी कांवड़ हाल ही में शहीद हुए देश के अमर शहीदों के नाम समर्पित है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी यह कांवड़ यात्रा समर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक पूरी दुनिया के लिए मिसाल हैं, जिन्होंने अपनी बहादुरी के बल पर भारत का नाम रोशन किया है। पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि वायुसेना के जवानों ने देश का नाम रोशन किया है। साथ ही जिस तरह से हमारे वीर विंग कमांडर अभिनंदन सिंह को पाकिस्तान ने महज दो दिन में ही देश को सौंपा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी कूटनीतिक जीत है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि कांवड़ यात्रा में शामिल साथी क्रमवार कांवड़ को लेकर दौडे़ंगे। दस घंटे में यह डाक कांवड़ बाजपुर ले जाई जाएगी। जहां प्राचीन शिव मंदिर में कांवड़ को चढ़ाया जाएगा। कांवड़ यात्रा में उनके साथ अनंत जैन, अतुल जैन, रंतजन वर्मा, अंकुर पांडे, अतुल पांडे, राजेश पांडे, मनोज पांडे आदि साथी शामिल हैं। पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया, अमित शर्मा, अनिल अरोड़ा, राहुल वशिष्ट, दीपक चावरिया, धीरज शर्मा, सुमित सैनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेताओं ने भी हरकी पैड़ी पहुंचकर शिक्षामंत्री और पूर्व सांसद का स्वागत किया।