हरिद्वार। रेलवे की संपत्ति चोरी करने के मामले में फरार चल रहे यमुनानगर के दो व्यापारियों को आरपीएफ यमुनानगर (हरियाणा) की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उत्तरी हरिद्वार से दबोच लिया। आरोपी एक साल से फरार चल रहे थे।
रविवार को आरपीएफ यमुनानगर से एसआई विजेंद्र सिंह चौधरी की अगुवाई में एक पुलिस टीम हरिद्वार कोतवाली पहुंची। आरपीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र के एक होटल के बाहर से दो आरोपी दबोच लिए। आरपीएफ टीम उन्हें अपने साथ पकड़कर हरिद्वार कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि आरोपियों के नाम पूरणचंद पुत्र लेखराज निवासी मॉडल टाउन यमुनानगर हरियाणा और रवि गर्ग पुत्र लज्जाराम निवासी बस स्टैंड जगाधारी यमुनानगर हरियाणा है। इन्होंने यमुनानगर हरियाणा में रेलवे की संपत्ति नीलामी के दौरान खरीदी थी लेकिन उस नीलामी की संपत्ति की आड़ में रेलवे की अन्य संपत्ति भी चोरी कर ली थी। इस पूरे प्रकरण में आरपीएफ के कर्मचारी भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि आरपीएफ की टीम व्यापारियों को अपने साथ ले गई थी।