हरिद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल के शिवालिक नगर स्थित कार्यालय पर शनिवार को हुई बैठक में झबरेड़ा में जहरीली शराब पीने से हुई मौत पर दुख व्यक्त किया गया। उक्रांद ने इस मामले में मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री से तत्काल त्यागपत्र देने की मांग की है।
उक्रांद के जिलाध्यक्ष राकेश राजपूत ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने नशे के कारोबार को बढ़ावा दिया है। राज्य का शिक्षित युवा बेरोजगारी के चलते नशे का आदि होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि झबरेड़ा में हुई घटना जिला प्रशासन की नाकामी का जीता जागता प्रमाण है। सरकार के संरक्षण के बिना इतने बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हर मृतक परिवार को दस-दस लाख रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। प्रदेश संगठन मंत्री एमडी शर्मा ने कहा कि सरकार इतने बड़े हादसे को नजरअंदाज कर रही है। छोटे अधिकारियों को निलंबित कर बड़े अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविंद्र वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री को नैतिकता के आधार पर तत्काल त्यागपत्र देना चाहिए। बैठक में संजय कुमार चौहान, देशा सिंह, किरण दास, राजीव चौधरी, धर्मेंद्र कौशिक, दीपक गौनियाली, पितांबर सिंह, जयंत अमोली, दारा सिंह चौहान, सूरज चौहान, विवेेक कुमार, अनिता सिंह, सावित्री देवी, भूपेंद्र सिंह, हेमंत बिष्ट, सुधीर कुमार, रजिया सुल्तान, दीपक कुमार व अजय तोमर आदि उपस्थित रहे।
नशे से दूर रहने का आह्वान
हरिद्वार। शहर के युवाओं ने नशे से दूर रहने का आह्वान किया है।
झबरेड़ा क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई घटना पर रामनगर, शंकर आश्रम व आर्यनगर कालोनियों के युवाओं ने दुख जताया है। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने कहा कि नशे के गर्त में जाकर कई लोग अपना जीवन बर्बाद कर लेते हैं और उनके बाद उनके परिवार को अनेक समस्या से जूझना पड़ता है। उन्होंने झबरेड़ा क्षेत्र में हुए प्रकरण पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर सतेंद्र सिंह, अजय चौहान, राहुल शर्मा, अंकित कुमार, नमन गर्ग, सुमित, उज्ज्वल, नवीन, वैभव चौहान, गर्व बत्रा, रोहित, रवीश, रिंकू, यतेंद्र, प्रिंस, रचित, रमन, शिवम व शुभम आदि मौजूद थे।