हरिद्वार।
चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है और मुख्य मार्ग के साथ ही हर गली खाद्य पदार्थों की रेहड़ी, ठेली और अस्थायी ढाबे खुल गए हैं। इनमें साफ सफाई नहीं होने के साथ खाने की वस्तुओं को खुले में रखा और परोसा जा रहा है। सड़े पके और कटे फलों को बेचा जा रहा है। इसके बाद भी खाद्य सुरक्षा विभाग की नींद नहीं टूट रही।
चारधाम यात्रा शुरू होते ही यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। बाजार में यात्रियों की बढ़ती संख्या का फायदा उठाते हुए कटे फल व अन्य खाद्य पदार्थ खुले में बेचे जा रहे हैं। नालों के आसपास खाने-पीने की दुकानें और ढाबे खोल दिए गए हैं। ऐसे में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कई जगह पर ठेले पर अनानास, नारियल, तरबूज, पपीता, अमरूद और खीरा सहित तमाम कटे फल खुले में बेचे जा रहे हैं। पिछले दिनों चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर बुलाई बैठक में जिलाधिकारी दीपक रावत ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के पेच कसे थे। इसके बाद भी धरातल पर अधिकारी कहीं नजर नहीं आ रहे।
---------------
चारधाम यात्रा के मद्देनजर 120 खाद्य पदार्थ बेचने वालों को नोटिस जारी किया है। समस्त एफएसओ को मैदान में उतारा गया है। खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई को अभियान जारी है।
- आरएस पाल, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी।