अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
गंगा में सीवर तथा गंदे नाले बहाने से आक्रोशित सावक मंच ने शुक्रवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ ललतारौ चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार को जगाने के लिए घंटे-घडियाल भी बजाए।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी तथा घंटे-घडियाल बजाते हुए सावक मंच के कार्यकर्ता जुलूस के साथ ललतारौ चौक पहुंचे। वहां जाम लगने से कार्यकर्ताओं की पुलिस कर्मियों के साथ झड़प भी हुई। सावक मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार नमामि गंगे योजना के नाम पर करोड़ों खर्च कर रही है, लेकिन सीवरयुक्त गंदे नाले गंगा को जस का तस प्रदूषित कर रहे हैं। कहा कि सावक मंच गंगा में गिरते गंदे नालों के बंद होने तक संघर्ष करेगा। नरेश शर्मा ने कहा कि हरकी पैड़ी आ रही गंगा की अविरलधारा को प्रदूषित किया जा रहा है। सर्वानंद घाट से हरकी पैड़ी तक गंगा गंदा नाला हो गई है। मंच के जिलाध्यक्ष कीर्तिकांत त्रिपाठी ने कहा कि सांसद व विधायकों का ध्यान गंगा पर नहीं चुनाव पर है। प्रदर्शनकारियों में राजेश लखेड़ा, भजन सिंह, संजय गुप्ता, करण कुमार, असीम जोशी, जितेंद्र यादव, शिवम, आदित्य, केतन सहगल, विवेक त्यागी, अशोक चौहान, दिना शास्त्री, जतिन पंजवानी, राजू बक्शी, रवि धीमान, उमा शंकर पांडेय, नीरज अग्रवाल, अरूण राघव, पीएस चौहान, अनुज मित्तल, प्रवीण भाटिया, संजय गौड, सुनील भाटिया, दिनेश शर्मा, अरुण कुमार, राजकुमार, अनिरुद्ध शर्मा, कृष्णा वर्मा, सचिन, अजय, जितेंद्र, सन्नी भाटिया व पंकज आदि शामिल थे।