ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कैंसर विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज गुप्ता ने कहा कि ऋषिकेश स्थित एम्स अपनी स्वास्थ्य सेवाओं में विश्वस्तरीय सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। लोगों को बहुत सस्ता विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध हो इस दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जा रहा है। प्रो. मनोज बृहस्पतिवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में संवाद कार्यक्रम के तहत ‘उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाएं और चुनौतियां’ विषय पर आयोजित परिचर्चा में बोल रहे थे।
कार्यक्रम में एम्स के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रविकांत को शामिल होना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह नहीं पहुंच सके। उनके स्थान पर प्रो. मनोज गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के चलते उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। ऐसे में मरीजों को कम समय में अस्पताल पहुंचाना चुनौती होता है। एम्स की ओर से कोशिश की जा रही है कि हेली सेवाएं शुरू कराई जा सकें, ताकि सड़क दुर्घटना अथवा आपदा होने पर तत्काल इलाज किया जा सके। उन्होंने बताया कि दो हेलीपैड एम्स परिसर में बन गए हैं। जल्द ही उन्हें शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र ने आईडीपीएल की दो सौ एकड़ भूमि एम्स को देने के लिए सहमति जताई है। यह जमीन मिलते ही नेत्र, न्यूरो आदि से जुड़े स्पेशल विभाग खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि पतंजलि विश्वविद्यालय और आईआईटी रुड़की के साथ तालमेल करके भी संस्थान अपनी सेवाओं को और विस्तृत कर रहा है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष डा. शिवशंकर जायसवाल ने कहा कि जनजागरण के लिए प्रेस क्लब समय-समय पर संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञों को बुलाकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करता है। उन्होंने अतिथियों का आभार जताया। संचालन पूर्व अध्यक्ष डा. रजनीकांत शुक्ला ने किया।