हरिद्वार। हाईवे चौड़ीकरण का काम पूरा नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्टीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता टीबड़ी तिराहे के पास एकत्र हुए और अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष तरुण नैय्यर ने कहा कि 2010 से हाईवे चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। आठ साल बीतने को हैं लेकिन कार्य पूरा नहीं हो रहा है। अधूरे निर्माण के चलते सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। हाईवे पर हर रोज जाम लगने से हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और केंद्र के मंत्री हर बार दावे तो करते हैं लेकिन काम पूरा नहीं होता। चार साल से सत्ता में होने के बाद भी हाईवे की दशा नहीं सुधर पाई है।
युवा नेता मनोज जाटव और हरिद्वारीलाल ने कहा कि भाजपा विकास के झूठे दावे कर रही है। हाईवे चौड़ीकरण का काम केंद्र के कामकाज की असलियत बता रहा है। उन्होंने हा कि भाजपाइयों को सच स्वीकार करना चाहिए कि विकास के नाम पर कुछ नहीं हो रहा। प्रदर्शन करने वालों में आदेश कुमार, विमल कुमार, अविनाश गुप्ता, संजय सिंह, बादल गोस्वामी, सुमित तिवारी, संजय सिंह, विष्णुदत्त जोशी, विपिन कुमार, रोशनलाल, बाबूलाल, रवि कुमार, सोनू, सुमित भाटिया, संजय कुमार, नीरज सतलेवाल, मुकेश कुमार, किशोर लाल, राधेश्याम, संदीप आदि शामिल रहे।