अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फाउंड्री गेट पर प्रदर्शन कर कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का पुतला फूंका। उन्होंने युवा बेरोजगारों को निठल्ला कहने पर मंत्री से माफी मांगने को भी कहा। साथ ही चेतावनी दी कि माफी नहीं मांगने पर हरक सिंह रावत के खिलाफ आंदोलन चलाएंगे और हरिद्वार आगमन पर विरोध किया जाएगा।
सोमवार को फाउंड्री गेट चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने कहा कि राज्य सरकार ने कुछ दिन पहले रोजगार मेला लगाने के नाम पर युवाओं को बेवकूफ बनाया। सरकार के मंत्री उससे भी दो कदम आगे जाकर ये कह रहे हैं कि युवा निठल्ले हैं युवाओं के साथ इससे भद्दा मजाक कोई हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को रोजगार दफ्तर में जाकर देखना चाहिए कि कितने युवा ऐसे है जिन्होंने रोजगार के लिए सरकार के दरवाजे पर गुहार लगाई है। युवा नेता बबलू व इलमास इम्मी ने कहा कि हरिद्वार का युवा बेरोजगारी से त्रस्त है और मंत्री उन्हें निठल्ला कह रहे हैं। कहा कि मंत्री हरक सिंह रावत को अपने इस बयान पर युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। हाजी शाहनुद्दीन व सुरेश मोहन ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकार के पास रोजगार देने की कोई नीति नहीं है। दिखावे के लिए रोजगार मेले लगाकर युवाओं को दिग्भ्रमित करने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर अंकित चौहान, मोहित चौधरी, विजय शर्मा, शेरखान, सन्नी, भूपेंद्र वशिष्ठ, दर्शन, शादाब, नईम, मोना, अरशद, अज्जू, लवली, मनोज वर्मा, अंकित शर्मा, शौकत, सूरज, सोनू धीमान आदि शामिल हुए।