हरिद्वार। गंगनहर में बहकर आ रहे संतरे को पकड़ने के चक्कर में कक्षा छह का छात्र तेज बहाव की चपेट में आ गया। रविवार को दिन भर छात्र की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इधर, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना शनिवार को पथरी पॉवर हाउस के पास घटित हुई।
रानीपुर क्षेत्र के गांव सलेमपुर के रहने वाले भेल के संविदाकर्मी सुनील चौहान का बेटा अक्षित उर्फ आदी अपने दोस्त अनिकेत पुत्र नरेंद्र निवासी जमालपुर खुर्द के साथ शनिवार को पथरी पॉवर हाउस पहुंचा था। दोनों किशोर गंगनहर में पैर डालकर बैठे थे। इसी दौरान गंगनहर में बहकर आ रहे संतरे को पकड़ने के चक्कर में अक्षित का पैर फिसल गया। वह तेज बहाव की चपेट में आ गया। इधर, दोस्त ने शोर मचाया लेकिन मौके पर कोई नहीं था। छात्र के घर न पहुंचने पर तलाश शुरू की गई। शाम के वक्त दोस्त अनिकेत ने अपने परिजनों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। परिजनों की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। रात होने के चलते सर्च ऑपरेशन नहीं चलाया जा सका। रविवार की सुबह ही रानीपुर पुलिस ने जल पुलिस को लेकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जल पुलिस के जवान छात्र को तलाश करते रहे लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि छात्र की तलाश की जा रही है।