हरिद्वार। जिले के मेधावी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से संचालित नि:शुल्क कोचिंग सेंटर का सीडीओ स्वाति एस भदौरिया ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए।
सीडीओ भदौरिया ने बताया कि एकाग्रता और लगन के साथ की गई तैयारी कही न कही सफलता जरूर दिलाती है। लक्ष्य निर्धारित करके की गई मेहनत से अपेक्षित परिणाम जरूर मिलते हैं। सीडीओ भदौरिया ने कहा अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा जो भी व्याख्यान दिए जा रहे हैं उसे गंभीरता से जेहन में उतारें । साथ ही उन्होंने आगामी परीक्षाओं के लिए छात्र छात्राओं का बधाई भी दी।
सीडीओ भदौरिया ने बताया कि कोचिंग सेंटर में प्रत्येक शुक्रवार को साढ़े चार से पांच बजे तक आइएएस, आइपीएस एवं पीसीएस अधिकारियों द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अनुरोध किया है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्थान नि:शुल्क कोचिंग सेंटर में स्थापित लाइब्रेरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं तथा स्कूली परीक्षाओं संबंधी पुस्तकें दान करना चाहता है तो वह विकास भवन स्थित पूछताछ केंद्र पर किसी भी दिन सुबह दस बजे से पांच बजे तक पुस्तकें दान कर सकता है। ऐसे दानदाताओं को जिला प्रशासन द्वारा प्रमाण पत्र दिया जायेगा।
नि:शुल्क कोचिंग सेंटर में शिक्षक कुलदीप राठी द्वारा सामान्य अध्ययन, अंकित मित्तल द्वारा गणित व रीजनिंग एवं आशीष गर्ग द्वारा अंग्रेजी की कक्षाएं संचालित की जा रही है। इस अवसर पर भल्ला इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ओपी गौनियाल, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी सुभाष सिंह शाक्य, सहयोगी संस्था ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के संयोजक सीपी शर्मा समेत कई उपस्थित थे।