ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
नवरात्र के दूसरे दिन मां भगवती के दूसरे स्वरूप ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई। इस दौरान मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु की भारी भीड़ उमड़ी। घरों में भी देवी पूजा की गई।
दूसरे नवरात्र के दौरान सभी देवी मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। मंसा देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं चंडी देवी मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना के बाद मां से सुख समृद्धि की कामना की। कनखल स्थित शीतला माता मंदिर, महिषासुर मर्दिनी मंदिर और हरिद्वार की आराध्य देवी माया देवी के मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। उत्तरी हरिद्वार में सप्तसरोवर मार्ग स्थित लालमाता वैष्णो देवी मंदिर में माता भगवती की चौकी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भजन गायकों ने माता के भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान मंदिर के प्रबंधक भक्त दुर्गादास ने नवरात्र के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की जाने वाली नवरात्र की पूजा परम फलदायी होती है। इस दौरान पार्षद अनिरुद्ध भाटी, अनिल मिश्रा, विनीत जौली समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।