ब्यूरो/अमर उजाला, पथरी
उड़द और गन्ने की बुवाई के लिए समय शुरू हो गया है, लेकिन सहकारी बीज केंद्रों पर बीज ही नही हैं। फेरुपुर और बादशाहपुर स्थित सहकारी बीज केंद्रों पर उड़द का बीज और कीटनाशक नहीं होने से किसानों को परेशानी हो रही है। क्षेत्रीय किसानों ने फिर से कृषि विभाग के अधिकारियों से जल्द बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
सुशील सैनी, देशराम, सुखवीर और सुभाष आदि किसानों का कहना है कि इन दिनों खेतों में उड़द और गन्ने की बुवाई चल रही है। कृषि विभाग के दोनों बीज केंद्रों पर उड़द का बीज और फोरेट नामक कीटनाशक नहीं है। इससे करीब 40 गांवों के किसानों को बाजार से उड़द का बीज और कीटनाशक महंगे दाम पर खरीदनी पड़ रही है। सत्यवीर सिंह, मांगेराम, महिपाल, करण सिंह आदि किसानों का कहना है कि कृषि विभाग के बीज केंद्रों से उड़द का बीज और कीटनाशक अनुदान पर मिलती है, जिससे बुवाई के दौरान जेब पर ज्यादा भार नहीं पड़ता, लेकिन अब किसानों के हितों की अनदेखी हो रही है। कृषि विभाग के एडीओ साहबराज ने बताया कि कि उड़द का बीज और कीटनाशक की मांग को देखते हुए इनकी डिमांड विभाग को भेजी गई है। बीज व कीटनाशक आते ही किसानों को वितरित कर दिए जाएंगे।