हरिद्वार।
जगजीतपुर में लक्सर हाईवे पर घनी आबादी और शिक्षण संस्थानों के बीच में खोले गए शराब के ठेके को हटाने की मांग करते हुए छात्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए शराब के ठेके को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को जगजीतपुर में शराब के ठेके के सामने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन किया। विक्रम भुल्लर ने कहा कि शराब के ठेके को जगजीतपुर में हाईवे के किनारे घनी आबादी के साथ शिक्षण संस्थानों के बीचोंबीच में खोल दिया है। क्षेत्र में आवाजाही अधिक होने से शराब के ठेके से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल में जाने वाले बच्चों पर भी शराब के ठेके का बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से शराब के ठेके को तत्काल हटाने की मांग उठायी। उन्होंने कहा कि यह शराब का ठेका आबकारी के नक्शे में भी नहीं है, फिर भी नियमों का उल्लंघन करते हुए शराब का ठेका खुलवा दिया गया। इस मौके पर सिद्घार्थ कुमार, रचित सोनी, विपिन मलिक, शुभम खटाना, देवेंद्र कुमार, गौरव, मयंक, वैभव चौहान, निगुल शर्मा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमित कुमार, दुष्यंत राणा, राहुल, विराज राठी, आयुष पंत, अनमोल आहूजा, शुभम, अखिल, रोहित बालियान, सचिन चौहान, मोहित देशवाल आदि शामिल हुए।