ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर
गुर्जर बस्ती गैंडीखाता में वन गुर्जर अधिकार मंच की ओर से अंतरराष्ट्रीय गुर्जर दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गुर्जर युवाओं ने संकल्प लिया कि वह समाज के हित के लिए काम करेंगे। साथ ही विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
मंच के अध्यक्ष मोहम्मद सफीलोधा ने गुर्जर संस्कृति और इतिहास पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि गुर्जरों का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने हमेशा देश की रक्षा की है। हमें अपने पूर्वजों से सीख लेनी चाहिए। हमें अपने देश को सशक्त बनाने में अहम योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि अपने समाज के पिछड़ेपन को दूर करने और समाज के स्तर को ऊपर उठाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उपाध्यक्ष अमानत चेची और कोषाध्यक्ष मुख्तार चोपड़ा का कहना है कि इतिहास गवाह है कि गुर्जरो ने कभी किसी का बुरा नही किया और जब भी देश में कोई समस्या आई है सबसे पहले गुर्जरो ने अपनी जान दांव पर लगाकर सामना किया। सचिव अमीर हमजा और महामंत्री इरशाद भड़ाना का कहना है कि हमेशा देश की सुरक्षा करने में अपना योगदान दिया है। इरशाद चोपड़ा ने कहा कि गुर्जर दिवस पर धूमधाम से मनाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को अपने समाज की संस्कृति और परंपरा के बारे में जानकारी मिलती रहे। कार्यक्रम में युवाओं ने देशसेवा की शपथ ली। इस मौके पर प्रवक्ता नजाकत चेची, सोशल मीडिया को-ऑर्डिनेटर शमशाद बानिया, इरफान चेची, नियाज अली चेची, इमानत लोधा, आजाद चेची, मुमताज पोसवाल,आदिल चेची, गुलाम बशीर, अब्बी लोधा आदि उपस्थित रहे।