पथरी। सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर की ओर से सैकड़ों बकायादार किसानों को कृषि ऋण की अदायगी के नोटिस भेजे गए हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई किसानों की मृत्यु हो चुकी है। कई ऐसे किसानों को नोटिस भेजे गए हैं जिनके निधन को दस साल तक हो गए। समिति के यह नोटिस चर्चा के विषय बने हैं।
सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर की ओर से किसानों को उर्वरक, कीटनाशक, कृषि यंत्र व गन्ना बीज के लिए ऋण दिया जाता है। सहकारी गन्ना समिति की ओर से क्षेत्र में जसोद्दरपुर, नसीरपुरखुर्द, नसीरपुरकलां, शाहपुर, शेरपुर, भट्टीपुर, शाहपुर, बादशाहपुर, धारीवाला, हरसीवाला, टिकौला, रानीमाजरा, चांदपुर समेत कई गांवों के बकायादार किसानों को ऋण की अदायगी के लिए नोटिस भेजे हैं। अशोक, पदम सिंह, नरेंद्र और अंकुर आदि लोगों का कहना है कि उनके ऐसे बुजुर्गों के नाम भी नोटिस भेज दिए गए जिनकी कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। वह कृषि ऋण बकायादार मृतक लोगों के वारिस हैं। उन्हें दो हजार से लेकर तीन हजार रुपये तक की धनराशि के नोटिस मिले हैं। नोटिस से पता चला है कि मृतक लोगों ने काफी पहले पांच सौ रुपये तक का ऋण लिया था। जो अब ब्याज समेत कई गुना हो गया है। ये लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि सहकारी गन्ना विकास समिति के कर्मचारियों को मृतक लोगों से ऋण वसूली की याद अब कैसे आई है। अब ऋण नोटिस को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे है। वहीं सहकारी समिति के उप चेयरमैन रगवीर सिंह सैनी ने बताया कि मृतकों को नोटिस जारी करने का मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है।