अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन ) दीपाली शर्मा के घर से मुक्त कराई गई किशोरी का एक बार फिर मेडिकल परीक्षण कराया गया। महिला एवं जिला अस्पताल में कई घंटों तक किशोरी की जांच की गई। इस दौरान ब्लड सैंपल भी लिए गए।
किशोरी को दोपहर बाद बाल कल्याण समिति की टीम परीक्षण के बाद अपने साथ ले गई। रोशनाबाद में जजेज कालोनी में महिला जज दीपाली शर्मा के घर से मुक्त कराई गई किशोरी श्यामपुर में एक आश्रम में रह रही है। जिला जज राजेंद्र सिंह चौहान, एसएसपी कृष्ण कुमार वीके की अगुवाई में टीम ने किशोरी बरामद की थी। नैनीताल की रहने वाली किशोरी के शरीर पर नई- पुरानी 20 चोटों के निशान पाए गए थे। इधर, कई दिन हरिद्वार में गुजारने के बाद भी किशोरी के परिजन भी लाख जतन के बाद उससे मुलाकात नहीं कर पाए थे। अब बाल कल्याण समिति पांच फरवरी को इस मामले में सुनवाई करेगी। शनिवार को बाल कल्याण समिति की टीम किशोरी को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जिला अस्पताल में नई चोटों पर मरहम पट्टी गई है वहीं महिला अस्पताल में कई अन्य चेकअप भी हुए। इस दौरान किशोरी का ब्लड सैंपल भी लिया गया। बाद में बाल कल्याण समिति की टीम किशोरी को लेकर लौट गई।