अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए जेबरा फोर्स गठित की है। सहायक नगर आयुक्त पीके बंसल एवं संजय कुमार के नेतृत्व में गठित जेबरा फोर्स में 16-16 कर्मचारी शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही निगम क्षेत्र में नया अतिक्रमण करने की दैनिक सूचना टीम प्रभारियों को देने के लिए तीन कर्मचारी भी नियुक्त किए गए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के मद्देनजर नगर आयुक्त नितिन सिंह भदौरिया ने यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि जेबरा टीम नगर निगम क्षेत्र में सभी प्रकार के अतिक्रमण ध्वस्त करने के साथ ही अवैध रूप से विज्ञापन पट्ट, कटिंग और फूल-फरोसी के खिलाफ भी अभियान चलाएगी। पहली जेबरा टीम हरिद्वार एवं कनखल क्षेत्र में अभियान चलाएगी। इस टीम के वरिष्ठ प्रभारी प्रभारी पीके बंसल तथा प्रभारी कर एवं राजस्व अधीक्षक राहुल कैंथोला होंगे। दूसराी टीम ज्वालापुर क्षेत्र में अभियान चलाएगी। इस टीम के वरिष्ठ प्रभारी सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार तथा प्रभारी कर एवं राजस्व अधीक्षिका सुनीता सक्सेना होंगी। नगर निगम क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, रोड कटिंग तथा विज्ञापन पट्ट लगाने की लिखित रूप में दैनिक रिपोर्ट कार्यालय में देने के लिए मूलचंद, भाग सिंह व कैलाश चंद को नियुक्त किया है। हाईकोर्ट ने सरकारी सार्वजिनक स्थानों पर अतिक्रमण कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई का आदेश दिया है। अब नगर निगम क्षेत्र में किसी प्रकार अतिक्रमण होने पर संबंधित क्षेत्र की जेबरा टीम लीडर उत्तरदायी होंगे।
जेबरा फोर्स में कई नाम अवैध कब्जे वाले
नगर आयुक्त नितिन सिंह भदौरिया की ओर से गठित जेबरा टीम में उन कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है, जिन पर नगर निगम की जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। अवैध कब्जा व अतिक्रमण की दैनिक रिपोर्ट देने के लिए नियुक्त कर्मचारियों में भी कुछ अवैध कब्जाधारक हैं। ऐसे में सवाल दिन भर सवाल उठते रहे कि क्या वह अपने अतिक्रमण हटाने के साथ अभियान शुरू कर सकेंगे।
-