बहादराबाद।
बसपा के प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर ने कहा कि आने वाला समय बसपा का ही है। उत्तराखंड में बसपा मजबूत विकल्प बनेगी। उन्होंने निकाय चुनाव में भी बसपा को भारी सफलता मिलने का दावा किया।
राजभर रविवार को शिवालिक नगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप बालियान के स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने लोगों से अच्छे दिनों का वायदा किया था लेकिन चार साल में न तो बेरोजगारों को रोजगार मिला और न ही काला धन वापस आया। इससे साबित हो गया भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है। गरीबों की पार्टी सिर्फ बसपा ही है।
बसपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप बालियान ने कहा बसपा जिस मिशन को लेकर चल रही है उसमें अब नई क्रांति का आगाज हो रहा है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी उत्तराखंड में मजबूती के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि नई टीम ज्यादा उत्साह के साथ काम करेगी। बैठक में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसके साथ ही उत्तराखंड में पांच लोकसभा सीटों को जोन घोषित कर उनके जोन प्रभारी घोषित किए। एक जोन में बामसेफ सहित पांच कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। विधानसभा क्षेत्रवार भी प्रभारी घोषित किए गए। बैठक में शमसुद्दीन राही, नरेश गौतम, प्रदेश महासचिव सूरजमल, सीपी सिंह, चौ चरण सिंह, सतीश गौतम, नत्थू सिंह, रतिराम, शीशपाल सिंह, रामकुमार राणा आदि उपस्थित थे।