अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
श्रम मंत्री डा. हरक सिंह रावत की ओर से बेरोजगारों को लेकर दिए गए बयान को लेकर धरना- प्रदर्शन का दौर जारी है। पार्षद अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने शिवमूर्ति चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया।
पार्षद अमन गर्ग ने कहा कि रोजगार मेले में बेरोजगार युवकों को अपमानित किया गया है। रोजगार देने में सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। रोजगार मेले में जिले भर से युवा पहुंचे थे, लेकिन मंत्री ने बेरोजगार युवाओं को अपमानित किया। कहा जिन युवाओं को औद्योगिक फैक्ट्रियों से निकाल दिया गया उनकी बात नहीं सुनी गई, उल्टा युवाओं के ऊपर अशोभनीय टिप्पणी कर उन्हें लौटा दिया गया।
विक्रम भाटिया ने कहा कि चुनाव आते ही युवाओं को लुभाने की कोशिश की गई। स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार देने में भी सरकार सफल नहीं रही। ठेके पर युवाओं को रोजगार मुहैया कराना शर्मनाक है। विनीत शर्मा ने कहा कि मात्र दिखावे से काम नहीं चलने वाला है। धरातल पर काम होने चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर मंत्री से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों में प्रिंस, शिवम चौहान, विनीत शर्मा, दीपक श्याम, विदित, विपिन रावत, मयंक, शुभम मंडोला, विजय, प्रवेश चावला, अनुपम भाटिया, मदन भाटिया, शुभम, हर्ष शर्मा आदि शामिल थे।