कलियर स्थित आशियाना गेस्ट हाउस के एक कमरे में मृत मिली युवती के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ चल रही है। इसके अलावा पुलिस की तीन टीमें यूपी और दिल्ली गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
कलियर में धनौरी रोड स्थित आशियाना गेस्ट हाउस के एक कमरे में युवती का शव बरामद हुआ था। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई है।
युवक ने लिया था गेस्ट हाउस में कमरा
चार अप्रैल को एक युवक ने गेस्ट हाउस में कमरा लिया था। जिसमें वह युवती को अपनी पत्नी बताकर लाया था। युवती की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
हालांकि पुलिस ने पूछताछ के लिए गेस्ट हाउस में काम करने वाले एक युवक सहित आठ लोगों को हिरासत में लिया हुआ है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को इस मामले में अहम सुराग हाथ लगे है।
जिसके आधार पर पुलिस की तीन टीमें यूपी और दिल्ली गई है। मामले के तार यूपी से जुड़े होने की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि युवती की हत्या के मामले में अहम सुराग हाथ लगे हैं। हालांकि अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। लेकिन जल्द ही युवती की शिनाख्त भी हो जाएगी और हत्याकांड का खुलासा भी कर दिया जाएगा।