शादी से इनकार करने पर हल्द्वानी के मंगलपड़ाव में प्रेमिका अपने प्रेमी पर भड़क गई। विवाद को देखते ही सीपीयू ने दोनों को पकड़ लिया।
कोतवाली पुलिस ने दोनों को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने युवती को नारी निकेतन भेज दिया और पुलिस ने युवक को निजी मुचलके पर छोड़ दिया है। देहरादून रानीपोखरी निवासी आशीष पुंडीर रुद्रपुर स्थित सिडकुल में काम करता है।
इसी कंपनी में अल्मोड़ा की युवती भी काम करती है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। दोनों का प्यार परवान चढ़ा कि लड़की शादी करने की जिद करने लगी लेकिन युवक का कहना था कि परिवार को राजी करने के बाद शादी करेगा। दो दिन से युवती की तबीयत खराब थी।
अस्पताल में उसको ड्रिप भी चढ़ानी पड़ी और गले में निशान भी थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सोमवार को प्रेमी उसको घर छोड़ने के लिए हल्द्वानी आया। दोनों मंगलपड़ाव में झगड़ा करने लगे। इस बीच युवती रोने लगी। सीपीयू ने दोनों को संदिग्ध देखते हुए पकड़ लिया और उन्हें थाने ले गयी।
पुलिस से युवती ने कहा कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है लेकिन वह तैयार नहीं है। पुलिस ने दोनों को सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने युवती को नारी निकेतन भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने युवती के परिजनों को फोन कर बुलाया है। इधर युवक को पुलिस ने निजी मुचलके पर छोड़ दिया।