चंपावत के खटकना पुल के पास निर्माणाधीन पार्किंग। संवाद
चंपावत। नगर में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत खटकना पुल के पास बन रही नई जायका पार्किंग जुलाई तक बनकर तैयार हो जाएगी। इस पार्किंग का निर्माण कार्य 352 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इससे नगर के लोगों को जाम से छुटकारा मिलने के साथ ही वाहन स्वामियों को भी अपने वाहनों को पार्क करने के लिए उचित स्थान मिल सकेगा।
पेयजल निगम लोहाघाट की ओर से पार्किंग निर्माण का कार्य दो हिस्सों में किया जा रहा है। पहले हिस्से के ग्राउंड फ्लोर पर 25 बाइकें पार्क हो सकेंगी जबकि पहली मंजिल पर आठ कारों के लिए जगह बनाई जाएगी। ऊपर दो मंजिलों पर दुकानें बनाई जाएंगी। पार्किंग के दूसरे हिस्से के ग्राउंड फ्लोर पर 20 बाइकें पार्क होंगी और पहली मंजिल पर छह कारों के लिए स्थान होगा।
इसके अलावा पहली मंजिल पर व्यावसायिक कार्यों के लिए कमरे भी बनाए जाएंगे। पेयजल निगम के ईई जीसी पंत ने बताया कि यह पार्किंग जुलाई तक पूरी हो जाएगी। बता दें कि इस पार्किंग स्थल के बनने के बाद नगर में पांच पार्किंग स्थल हो जाएंगे। फिलहाल टीआरसी के पास दो पार्किंग और भैरवा तिराहे के पास दो पार्किंग स्थल हैं।