ट्रॉफी के साथ अंडर 17 क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता बनी स्टेडियम रेड के खिलाड़ी।
- फोटो : TANAKPUR
अंडर 17 क्रिकेट टूर्नामेंट की खिताबी भिड़ंत में टनकपुर स्टेडियम रेड ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। स्टेडियम रेड ने टनकपुर ब्लू को 60 रनों से हराया। विजेता टीम के मुकेश जोशी को मेन ऑफ द मैच और तुषार सेठी को मेन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।
स्टेडियम में फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि आबकारी निरीक्षक प्रतिमन सिंह कन्याल ने किया। टनकपुर स्टेडियम रेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट गवांकर 153 रनों का स्कोर खड़ा किया। निश्चल केसी ने सर्वाधिक 35 और मुकेश जोशी ने 34 व सुनील सिंह बोरा ने 17 रन बनाए।
टनकपुर ब्लू के गेंदबाज हिमांशु ने तीन, शिवा सिंह ने दो विकेट लिए जबकि तीन खिलाड़ी रन आउट हुए। जवाबी बल्लेबाजी करते हुए टनकपुर ब्लू टीम 17.5 ओवर में 93 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। हर्षित ने सर्वाधिक 17 और पंकज ने 15 रन बनाए। स्टेडियम रेड के गेंदबाज विशाल, अभिषेक और तुषार सेठी ने दो-दो विकेट चटकाए। दो खिलाड़ी रन आउट हुए।
मैच के निर्णायक यासिन और सोनू सिंह बोहरा थे। स्कोरर की जिम्मेदारी मनीषा कुंवन ने निभाई। मैच का आंखों देखा हाल लक्ष्मण चंद लक्की ने सुनाया। अभिषेक महर को बेस्ट गेंदबाज, सुनील सिंह बोहरा को बेस्ट बल्लेबाज और मुकेश जोशी को बेस्ट विकेट कीपर का खिताब दिया गया।
आयोजन में क्रिकेट कोच दीपक सेठी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ चंपावत के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पाटनी, रिपुदमन सिंह तड़ागी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक पचौली व सूरज सिंह, अंशुल पांडेय, नीतिन भारती, मोहन नेगी, प्रकाश सिंह आदि ने सहयोग दिया।