यहां सेना छावनी के चांदमारी मैदान (फायरिंग रेंज) में सेना भर्ती के सातवें दिन शुक्रवार को नैनीताल जिले की चार तहसीलों से आए 1710 युवकों की दौड़ हुई, जिनमें 154 युवक सफल हुए। बृहस्पतिवार रात हुई बारिश से भर्ती मैदान फिर से गीला हो गया। दौड़ मार्ग पर कीचड़ होने से युवकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
फायरिंग रेंज मैदान में शुक्रवार को नैनीताल जिले की कौश्याकुटोली, बेतालघाट, नैनीताल और धारी तहसीलों से आए युवकों की भर्ती की गई। आगरा बीआरओ डायरेक्टर (भर्ती अधिकारी) कर्नल अभय सिंह के नेतृत्व में भर्ती आयोजित हुई। इस दौरान नैनीताल जिले से आए 1710 युवकों ने दौड़ लगाई। जीडी के 1154, ट्रेडमैन के 403, नर्सिंग असिस्टेंट के 65, टैक्नीकल के 53 और क्लर्क के पदों के लिए 35 अभ्यर्थियों ने सेना भर्ती में प्रतिभाग किया।
सेना भर्ती के निदेशक ने बताया कि दौड़ में 154 युवक सफल रहे। दौड़ में सफल रहे युवकों का फिजिकल और मेडिकल जांच हुई। सफल हुए अभ्यर्थी, दिसंबर में लिखित परीक्षा में शामिल होंगे। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को सेना की ट्रेनिंग दी जाएगी।
सेना भर्ती में बीआरओ के अधिकारियों, कर्मियों, बनबसा स्थित स्टेशन हेडक्वार्टर, 22 सिख रेजीमेंट, एमआई, सेना पुलिस के अधिकारी और जवानों के अलावा जिला प्रशासन के लोगों ने भी सहयोग दिया। सेनाधिकारियों ने मीडिया के लिए अलग से टैंट में बैठने की व्यवस्था कर दी।
बनबसा सेना भर्ती में एक युवक की सीने का नाम लेते एक जूनियर कमीशन सेनाधिकारी।- फोटो : TANAKPUR
बनबसा सेना भर्ती में दौड़ लगाते नैनीताल जिले से आए युवक।- फोटो : TANAKPUR