रोडवेज बस स्टेशन से सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद में टैक्सी जीपों पर सवारी बैठाने वाले एक युवक ने रोडवेज चालक की पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना से जहां बस स्टेशन में अफरा-तफरी मची रही, वहीं कोतवाली में भी देर रात तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने घायल चालक की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी फरार है।
बाहरी प्रदेशों से आने वाली रोडवेज बसों से पार्किंग शुल्क की वसूली के लिए सोमवार को बस स्टेशन पर विष्णुपुरी कालोनी निवासी चालक गोपाल सिंह की ड्यूटी थी। बताया जाता है कि रात करीब साढ़े नौ बजे बस स्टेशन पर टैक्सी जीपों में सवारी भरने वाला घसियारा मंडी निवासी नानू नामक युवक सवारियों को लेने बस स्टेशन आया तो ड्यूटी पर तैनात चालक गोपाल सिंह ने उसे बस स्टेशन के अंदर से सवारी ले जाने पर आपत्ति जताई।
इस पर नानू ने उसकी पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी युवक फरार हो गया था। घायल रोडवेज कर्मी का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने उसकी तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 332, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया था।
यूपी के दो बस चालक भिड़े, दोनों घायल
मंगलवार शाम बस स्टेशन पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की दो बसों (यूपी 27 टी/9305) और (यूपी 25 बीटी/5967) के चालक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। मारपीट में एक का सिर फूटा तो दूसरे का हाथ टूटा है। मामला कोतवाली में पहुंचा, लेकिन बाद में दोनों में समझौते से मामला निपट गया।