चंपावत। यहां से 14 किमी दूर धौन गांव में एक प्रवासी का शव जंगलात की चौकी के पास फंदे से लटका मिला। शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसका शव परिजनों को सौंप दिया। बाद में देर शाम युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक धौन में जंगलात की चौकी के पास शनिवार को सुबह पवन प्रकाश भट्ट (25) पुत्र कृष्णानंद भट्ट निवासी धौन का शव फंदे से लटका मिला। जानकारी लगने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। कोतवाल धीरेंद्र कुमार और एसएसआई एसएस सौन ने मौके पर पहुंच पंचनामा कराया। मृतक सवा साल पूर्व दिल्ली में काम करता था। और पिछले साल लॉकडाउन के बाद घर आ गया था। पुलिस के अनुसार आत्महत्या की कोई वजह तो पता नहीं चल सकी है। ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि मृतक पिछले काफी समय से अवसाद में था। चंपावत जिले में इस साल अब तक पांच लोग आत्महत्या कर जीवन लीला खत्म कर चुके हैं।
ऐसे करें बचाव:
आत्महत्या के शुरुआती लक्षण वाले व्यक्ति को अकेला न छोड़ें।
संतुलित और सेहतमंद भोजन, योग या व्यायाम करना।
सामाजिक और आध्यात्मिक जुड़ाव बढ़ाएं।
पर्याप्त नींद लें। संकोच न कर नियमित रूप से परामर्श लें।