प्रतियोगिता के लिए चयनित लोहाघाट के कलाकारों का स्वागत करते लोग।
- फोटो : LOHAGHAT
युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में लोहाघाट ब्लॉक की टीम ने एकांकी, एकल वादन, तबला और शास्त्रीय नृत्य में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस शानदार प्रदर्शन के चलते लोहाघाट की टीम का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
नाट्य निर्देशक भूपेंद्र देव ताऊ और नृत्य मार्गदर्शिका रश्मि के दिशा-निर्देशन में गई टीम ने एकांकी नाटक (मेरे सपने) के माध्यम से युवावस्था में ब्रेड में दर्द निवारक जैल मिलाकर सेवन करने, थिनर, फेवीकॉल, क्यूफिक्स को सूंघकर किस प्रकार नशे के दलदल में फंस रहे हैं, इसका मंचन किया।
टीम में सौरभ, मनीष, अजय, शुभम, प्रियांशु, प्रियंका, सोनी, राखी, आंचल, हर्षित, कुलदीप, दीपक, अमन, सुमित ने अभिनय किया। छह जनवरी से आठ जनवरी तक देहरादून में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लोहाघाट ब्लॉक की टीम हिस्सा लेगी। चयन पर रंगकर्मी भैरव राय, जीवन मेहता, प्रकाश राय, प्रदीप कुमार, खुशाल मेहता, वीरेंद्र मेहता आदि ने बधाई दी है।