बगैर कार्ड के नकदी निकालने वाली सुविधा वाला चंपावत में लगा एटीएम।
- फोटो : CHAMPAWAT
नकदी निकालने के लिए बैंक उपभोक्ताओं के लिए अब एटीएम कार्ड जरूरी नहीं होगा। जिले में उच्चीकृत तकनीक के चार एटीएम लग चुके हैं। इनमें से एक उच्चीकृत एटीएम शुरू भी हो गया है। इसके शुरू होने से लोगों को एटीएम कार्ड साथ रखने से लेकर एटीएम की क्लोनिंग कर ठगी से भी निजात मिलेगी।
चंपावत जिले में अब तक 41 एटीएम हैं जिनसे रोजाना आहरित होने वाली करीब दो करोड़ रुपये की निकासी के लिए एटीएम कार्ड की जरूरत होती थी। अब हालात बदलने वाले हैं। लीड बैंक प्रबंधक जनार्दन चिल्कोटी ने बताया कि चंपावत में भारतीय स्टेट बैंक के चार उच्चीकृत तकनीक के एटीएम लगाए गए हैं।
मुख्य शाखा, कलक्ट्रेट के पास, शांत बाजार व एसएसबी के पास वाले एटीएम में इन नई मशीनों को लगाया गया है। इन हाईटेक एटीएम में बगैर किसी एटीएम कार्ड के रुपयों की निकासी खाते से की जा सकेगी। इससे खाताधारक को एटीएम कार्ड अपने पास नहीं रखना होगा। इस तकनीक का सबसे बड़ा लाभ एटीएम की क्लोनिंग और अन्य तरह से होने वाली ठगी से राहत का होगा।
ऐसे काम करेगा एटीएम
चंपावत। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए स्मार्ट फोन के जरिए बैंक में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद 4 अंकों का एक एमपिन (मोबाइल पर्सनल आइडेंटिफिकेशन) नंबर और एप की लिंक मिलेगी। एप को डाउनलोड करने पर कार्डलेस आहरण के बटन पर क्लिक कर धनराशि दर्ज करेंगे। बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर में अस्थायी पासवर्ड आएगा। इस अस्थायी पासवर्ड को डालकर खुद नया पासवर्ड बनाना होगा। इस नए पासवर्ड से रुपये निकल जाएंगे।