लोहाघाट में चल रही फुटबाल प्रतियोगिता में बाल के लिए जूझते खिलाड़ी।
- फोटो : LOHAGHAT
स्पोर्ट्स क्लब लोहाघाट की पहल पर जीआईसी मैदान में हरक सिंह मेहता मेमोरियल लोहाघाट कप राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता जारी है। प्रतियोगिता के दूसरे रोमांचक मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल स्पोर्ट्स क्लब ने बनबसा-टनकपुर स्पोर्ट्स क्लब को 1-0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। बुधवार को बाबा एकेडमी अमृतसर और पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स के बीच मुकाबला होगा।
मंगलवार को मुख्य अतिथि रामलीला कमेटी लोहाघाट के अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद बोहरा ने मैच का शुभारंभ किया। लोहाघाट क्लब के संरक्षक प्रहलाद सिंह मेहता, अध्यक्ष बृजेश माहरा के दिशा निर्देशन में दूसरा मुकाबला पौड़ी गढ़वाल और बनबसा-टनकपुर स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला गया।
दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पौड़ी गढ़वाल के खिलाड़ी नीरज भंडारी ने पहले हाफ के 28वें मिनट में शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी जो अंत तक बनी रही। पूरे मैच में दोनों ही टीमों को गोल करने के कई मौके मिले जिसमें पौड़ी की टीम एक गोल करने में सफल रही।
मैच देखने के लिए पूरा जीआईसी मैदान दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। क्लब के संरक्षक मेहता ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शारीरिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से पिछले दो सालों से राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मैच में रेफरी विनोद राय, लाइनमेन सूरज बिष्ट, सौरभ बिष्ट रहे। इस मौके पर दीपक सुतेड़ी, पूरन उप्रेती, दीपक साह, त्रिभुवन कोठारी, जितेंद्र साह, नितिन मेहरा, संजय फत्र्याल, हरीश फत्र्याल, नवीन कनौजिया, भूवी माहरा, विपिन चौबे आदि शामिल रहे।