चंपावत। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने युवाओं को आधुनिक तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण से सशक्त बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल स्किल इंडिया डिजिटल हब की शुरुआत की है।
जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने बताया कि यह हब न केवल पारंपरिक रोजगार कौशल बल्कि भविष्य की जरूरतों डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ई-कॉमर्स, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और सेवा क्षेत्र में भी प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा।
इसके माध्यम से युवा अपने करिअर को नई दिशा देने के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकेंगे। उन्होंने इच्छुक छात्र-छात्राएं प्रशिक्षु और संस्थान skillindiadigital.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद वे पोर्टल पर उपलब्ध सैकड़ों प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सर्टिफिकेट कोर्स में निशुल्क भाग ले सकेंगे।
यह व्यवस्था पूरी तरह ऑनलाइन होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों के युवा भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि 2025 में स्किल इंडिया कंपटीशन का आयोजन किया जाएगा। इसमें 16 से 22 वर्ष आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं।
इस प्रतियोगिता में विजेताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक प्रतिभागी भी skillindiadigital.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।