लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लाॅक के पोखरीखाल में राज्य स्तरीय वाॅलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच काकड़ की टीम ने जीता। टूर्नामेंट में विभिन्न स्थानों की 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
सोमवार को पोखरीखाल के खेल मैदान में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने फीता काटकर राज्य स्तरीय वाॅलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विधायक ने आयोजन समिति को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच काकड़ और बाराकोट यूथ क्लब के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में काकड़ ने बाराकोट यूथ क्लब को 2-1 सेट से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
निर्णायक चंदन बिष्ट रहे। प्रतियोगिता में बनबसा, खटीमा, टनकपुर, हल्द्वानी, लोहाघाट और चंपावत की टीम प्रतिभाग कर रही है। टूर्नामेंट में जीतू अधिकारी, वीरू अधिकारी, राजू अधिकारी, भुवन अधिकारी, दीनू अधिकारी, विपुल अधिकारी आदि ने सहयोग किया।