चंपावत में विधायक कैलाश गहतोड़ी का माल्यापर्ण करते सौंज-धौन, रूईयां-कफल्टा के ग्रामीण।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिला मुख्यालय से लगे रूईयां-कफल्टा और सौंज-धौन गांव जल्द ही दोतरफा सड़क सुविधा से जुड़ जाएंगे। सौंज-धौन के ग्रामीणों ने लॉकडाउन के दौरान श्रमदान से गांव को जोड़ने के लिए करीब दो किमी सड़क बनाई है। सड़क कटिंग की जानकारी मिलने पर विधायक कैलाश गहतोड़ी ने दो किमी आगे की सड़क निर्माण का एलान किया है।
सौंज-धौन के युवाओं ने शिक्षक इंदुवर जोशी के मार्गदर्शन में श्रमदान की अलख जगाई थी। विधायक ने सौंज गांव को तामली सड़क से जोड़ने का तोहफा देने के साथ ग्रामीणों की मांग पर इस सड़क को गौड़ी सड़क से जोड़ने की मंजूरी भी दी है। इसके बाद गांव दोनों ओर से सड़क से जुड़ जाएगा। इसके अलावा रूईयां-कफल्टा के प्रधान भुवन सिंह, दिनेश भट्ट, जीवन भट्ट, पूर्व प्रधान मोहन जोशी, लाल सिंह, मनोज जोशी, ललित जोशी आदि की मांग पर विधायक ने सड़क निर्माण को मंजूरी दी है। विधायक ने कहा कि कोरोना संकट से बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और क्षेत्र के विकास के लिए सड़क का निर्माण जरूरी है। ग्रामीणों को सड़क का तोहफा मिलने पर मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिलीप सिंह महर, मनमोहन सिंह, प्रदीप बिष्ट, तिलक जोशी, सुरेश बिष्ट, नीरज बिष्ट, भुवन बिष्ट, गिरीश भट्ट आदि ने विधायक का माल्यार्पण कर आभार जताया है।