छमनियांचौड़ स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी में योग शिविर जारी है।
शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की योगाचार्य कुसुम खर्कवाल हिमवीरों को योग और प्राणायाम के गुर सिखा रही हैं। वाहिनी के कमांडेंट सुभाष चंद्र यादव के दिशा-निर्देशन में छह जून से शुरू हुए 16 दिवसीय योग शिविर के दौरान हिमवीरों को योगाभ्यास कराया जा रहा है। शिविर का समापन 21 जून को किया जाएगा।
शिविर रोजाना शाम 5.30 बजे से 6.30 बजे तक चल रहा है। योग शिविर में हिमवीरों को प्राणायाम, अनुलोम विलोम, भ्रस्त्रिका, कपालभाति, ताड़ासन, धनुराषन, भुजंगासन, पदमासन, वक्रासन आदि योग और प्राणायामों का अभ्यास कराया जा रहा है। कमांडेंट यादव का कहना था कि योग और प्राणायाम हिमवीरों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फायदेमंद है।
कमांडेंट का कहना है कि सुंई और पाटन गांव के इच्छुक लोग भी योग शिविर का लाभ उठा सकते हैं जिन्हें वाहिनी तक लाने और ले जाने के लिए वाहन की विशेष व्यवस्था की गई है। योग शिविर के आयोजन में हिमवीर वाइब्ज वेलफेयर एसोसिएशन (हव्वा) की अध्यक्षा अनीता यादव, उप सेनानी सुशील कुकरेती, संजय चौधरी, सहायक सेनानी विनोद भाटी, डॉ.मोहित वर्मा, एसएम ज्योतिका साह आदि सहयोग कर रहे हैं।