लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल लोहाघाट में एक्स-रे मशीन खराब होने से मरीजों को दिक्कत हो रही है। एक्स-रे के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों या चंपावत जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कतें गरीब और बीपीएल परिवारों के लोगों को हो रही हैं, जिन्हें सरकारी अस्पताल में रियायती दरों या निशुल्क एक्स-रे सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने बताया कि करीब तीन दिन से उप जिला अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब है। अस्पताल में पाटी, देवीधुरा, रीठासाहिब, भिंगराड़ा, खेतीखान, पंचेश्वर, रौंसाल, गुमदेश, बाराकोट, सिमलखेत घाट आदि स्थानों से मरीज इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब होने से लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग निजी अस्पतालों में अधिक कीमत चुकाकर एक्स-रे कराने को मजबूर हो रहे हैं। जल्द एक्स-रे मशीन ठीक कर रोगियों को राहत देने की मांग की है। इधर, अस्पताल की चिकित्साधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल ने बताया कि विगत शुक्रवार को एक्स-रे मशीन में खराबी आ गई थी। मशीन को ठीक करने के लिए इंजीनियर बुलाए गए हैं। जल्द ही मशीन ठीक करा ली जाएगी।