टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर लधिया नदी पर चूका के पास इस जगह बनना है पुल।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। नेपाल सीमा से लगे निमार्णाधीन टीजे (टनकपुर-जौलजीबी) सड़क के अंतर्गत बनने वाले पुल की कार्यदाई एजेंसी बदलने के बावजूद मामला जस का तस है। अभी तक पुल के निर्माण के लिए शुरुआती प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ सकी है।
टीजे सड़क पर चूका और रूपालीगाड़ को जोड़ने के लिए लधिया नदी पर 690 मीटर लंबा पुल बनाया जाना है। करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस पुल का जिम्मा 2016 में ब्रिडकुल (ब्रिज, रोपवे, टनल एंड अदर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) को दिया गया। ब्रिडकुल को इस पुल को जून 2019 में पूरा करना था, लेकिन छिटपुट सर्वे के अलावा पुल का काम आज तक शुरू नहीं हो सका है। काम में हीलाहवाली और अनुबंध की शर्त के अनुरूप काम नहीं होने के चलते तीन महीने पहले शासन ने इस काम को लोक निर्माण विभाग के परियोजना क्रियान्वयन इकाई को हस्तांतरित करने के आदेश किए। लेकिन इसके बावजूद अभी तक न काम शुरू हो सका है और नहीं निविदा प्रक्रिया शुरू हो सकी है।
कोट
टीजे सड़क पर चूका से रूपालीगाड़ के बीच निर्माणाधीन पुल का काम ब्रिडकुल के स्थान पर लोनिवि को दिया गया है। लोनिवि की पीआईयू से इसके निर्माण के लिए जरूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरेंद्र नारायण पाडेय,
डीएम, चंपावत।
दूसरे पैकेज की अहम कड़ी है यह पुल
टीजे सड़क के दूसरे पैकेज चूका-रूपालीगाड़ (24.40 किमी) को जोड़ने में यह पुल अहम कड़ी है। निविदा विवाद की वजह से 123 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले दूसरे पैकेज का काम अगस्त 2017 से लटका हुआ था। अलबत्ता आर्बिट्रेशन की हरी झंडी और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद यह काम दो माह पहले फिर से शुरू हुआ।