सात सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धरना स्थगित कर दिया है। बाल विकास विभाग की ओर से कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किए थे जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने बाल विकास विभाग की सीडीपीओ को ज्ञापन देकर धरना स्थगित करने की सूचना दी।
शुक्रवार को लोहाघाट ब्लाक अध्यक्ष शर्मिला बोहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीडीपीओ लक्ष्मी पंत को धरना समाप्त कर शनिवार से काम पर लौटने का ज्ञापन दिया। बता दें कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दिसंबर से काम के बदले उचित दाम देने, 18 हजार रुपये मासिक मानदेय देने, समान कार्य के लिए समान मानदेय देने, सहायिकाओं को आंगनबाड़ी के मानदेय का 75 फीसदी, विभागीय पदोन्नति करने, आयु सीमा का बंधन समाप्त कर रिक्त पदों पर उसी केंद्र की सहायिकाओं को नियुक्ति देने, दीपावली में लगातार बोनस देने, परियोजना कार्य से बाहर बुलाने पर यात्रा भत्ता देने आदि मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर आंदोलन कर रही थीं।
टनकपुर (चंपावत)। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हड़ताल खत्म कर तीन घंटे काम करने का फैसला लिया है। उन्होंने तय किया कि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो दोबारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की जिलाध्यक्ष लीला महर के आह्वान पर संगठन ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। इस मौके पर हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के बयानों को भड़काने वाला बताया। कार्यकर्ताओं ने अब तीन घंटे कार्य करने का निर्णय लिया है। कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन कार्य करने के लिए अप्रैल तक का समय मांगा।
ऑनलाइन कार्य करने को विभाग दबाव बना उनका उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने अप्रैल 2020 के बाद सेल्फी से अपनी उपस्थिति भेजने को विभाग को अवगत करा दिया है। वहां ब्लाक अध्यक्ष सुषमा देवी, किरन भट्ट, रूपल टम्टा, नाजमा, भावना महर, गीता बिष्ट, शांति देवी, मंजू उपाध्याय, शांति देवी आदि थीं।