चंपावत। एसएसबी पंचम वाहिनी का विद्या सोसाइटी संस्थान के सहयोग से सीमावर्ती गांव तरकुली के पंचायत भवन में 10 दिनी सिलाई और कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। वाहिनी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने सिलाई और कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि तरकुली की ग्रामीण महिलाओं को सिलाई और कढ़ाई के कौशल में प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना हैं, इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकेगा।
प्रशिक्षण में तरकुली और आमरा गांव की 20 ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान एसएसबी ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत पशु चिकित्सा शिविर आयोजन भी किया। इसमें डॉ. मीना हरीश चंद्र ने स्थानीय ग्रामीणों को पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। शिविर में 20 ग्रामीणों के 85 पशुओं का इलाज कर निशुल्क दवा का वितरण किया गया। यहां नवीन गुरुरानी, निरीक्षक सामान्य कमलेश कुमार, दीपक कुमार टम्टा, निर्मला ओरीयाल, विद्या सोसाइटी संस्थान के अमित पांडेय, प्रधान तरकुली काजल बिष्ट आदि रहे।