पाटी में शराब की दुकान के विरोध में क्षेत्र में घूमकर पहरा देती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
जन विरोध के चलते जिला मुख्यालय सहित 11 शराब की दुकानें नहीं खुल पा रही है। पाटी में लाठी-डंडों के साथ आंदोलन कर रहीं महिलाओं ने शराब की दुकान खुलने के अंदेशे में हर वाहन की तलाशी ली। जिले में फिलहाल टनकपुर, बनबसा और देवीधुरा की कुल पांच दुकानें ही खुल सकी हैं।
चंपावत, लोहाघाट, पाटी और भिंगराड़ा क्षेत्र में शराब की दुकानें नहीं खुल पा रही हैं। एक अप्रैल से हाइवे के 500 मीटर केे दायरे में शराब की दुकानों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बाद शराब की दुकानें बंद कर दी गई थी, लेकिन 16 दिन बीतने के बाद भी नई जगह पर देसी एवं विदेशी शराब की दुकानें नहीं खुल पा रही हैं। पाटी में महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे, बिच्छू घास, दरांतियां लेकर शराब की दुकान के विरोध में सड़कों पर उतरी हुई हैं। शनिवार को शराब की दुकान खुलने की अफवाह के चलते रात में महिलाओं ने आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की। वहीं शराबी नजर आने पर महिलाएं उनको सबक भी सिखा रही हैं।
पाटी ब्लॉक मुख्यालय में रात को शराब की दुकान खुलने की अफवाह फैली थी। इसके चलते महिलाएं अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा संख्या में पहरा देने आई। रात को घूम रहे लोगों की तलाशी लेने के साथ ही वाहनों की भी तलाशी ली गई। हाथों में डंडे-लाठी, कमर में दरांती लगाए हुई महिलाओं ने रात को नौ बजे से सुबह पांच बजे तक बाजार में पहरा दिया। लोगों का कहना था कि चंपावत से शराब लेकर गाड़ी के पाटी पहुंचने की जानकारी मिली। इस जानकारी के बाद कि रात के समय पाटी में शराब की दुकान खुलेगी, महिलाओं ने रातभर पहरा दिया।