बाराकोट विकासखंड के काकड़ गांव में आग लगने से एक व्यक्ति के तीन घास के लुट्टे जल गए, जबकि कई बच्चे आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
शुक्रवार शाम बाराकोट के काकड़ गांव में बच्चे खाना बनाने का खेल खेल रहे थे। इसके लिए बच्चों ने आग जलाई हुई थी। अचानक तेज हवा के चलते आग की चिंगारी पास में बने घास के लुट्टों तक पहुंच गई। आग से नैनसिंह पुत्र मान सिंह के तीन घास के लुट्टूों में आग लग गई।
आग लगते ही आठ वर्षीय कुलदीप, सुजल, हिमानी तीनों बच्चे भयभीत होकर लुट्टों में छुप गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चारों तरफ आग देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आग का गुबार और बच्चों का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीण जगत सिंह, केशवी देवी, गुमान सिंह, प्रहलाद सिंह आदि लोग आग में कूद गए और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लाए। घटना के बाद से सभी बच्चे सहमे हुए हैं। आग से गरीब किसान नैन सिंह को करीब 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उसके सामने मवेशियों के लिए चारे की गंभीर समस्या पैदा हो गई है।