हादसे में पत्नी की मौत पर अस्पताल में गमगीन हाल बैठा मृतका का पति मन्ना और उसके रिश्तेदार।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं को लेकर आई बस के चालक ने हरदोई की महिला श्रद्धालु को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हरदोई जिले के सरिया परसपुर निवासी राजवती (58) पत्नी मन्ना परिवार के साथ चार्टर्ड बस (यूपी 30 टी/2493) से मां पूर्णागिरि के दर्शन को आई थी। दर्शन कर लौटने के बाद बाबा सिद्धनाथ के दर्शन के लिए नेपाल जाने के लिए बुधवार रात वह बनबसा पहुंचे। राजवती और उसका परिवार रात में केनाल परिसर में वाहन पार्किंग में खड़ी चार्टर्ड बस के आगे सोया था।
सुबह करीब सवा छह बजे बस के चालक ने बस स्टार्ट कर आगे बढ़ा दी। बस के अगले पहिये की चपेट में आने से राजवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद परिजन उसे तुरंत संयुक्त चिकित्सालय ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत गई। राजवती अपने पति और बच्चों के साथ इसी बस से मां पूर्णागिरि के दर्शन को आई थी।
शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया फिलहाल महिला के परिजनों ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। तहरीर देने पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।