अस्पताल में भर्ती एसिड पीने से घायल महिला श्रद्धालु बसंती।
- फोटो : अमर उजाला
मां पूर्णागिरि के दर्शन को आई लखनऊ की महिला श्रद्धालु ने शौचालय के समीप बोतल में रखा एसिड पानी समझकर गटक लिया। उसे गंभीर हालत में संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना पड़ोसी देश नेपाल स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर की है।
लखनऊ के पांडेयगंज की रहने वाली बसंती (26) अपने पति मुकेश कुमार और अन्य परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन को आई। पूर्णागिरि दर्शन के उपरांत वेे शुक्रवार की सुबह नेपाल स्थित बाबा सिद्धनाथ के दर्शन को गए। बताया गया कि वहां सार्वजनिक शौचालय में बसंती ने शौचालय के समीप ही बोतल में रखे नमक मिला एसिड को पानी समझ कर पी लिया।
एसिड पीता देख पति के हाथ-पांव फूल गए। पति ने उसे बताया कि यह पानी नहीं एसिड है। उसके बाद उसके गले में जलन होने लगी और वह बेहोश हो गई। आनन-फानन में बसंती को बाइक से संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि उपचार के बाद महिला की हालत अब खतरे से बाहर है।