चंपावत जिला अस्पताल में पहुंची घायल महिला।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित बजौन गांव में चट्टान से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन बुलाने पर भी आपात 108 सेवा नहीं आई, इस कारण घायल महिला को मंगलवार को दूसरे दिन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया। महिला के रीढ़ की हड्डी टूट गई है।
बजौन निवासी गंगा देवी (45) पत्नी बंशीधर भट्ट सोमवार शाम करीब तीन बजे मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी। इस बीच वह एक चट्टान से फिसल कर वह खाई में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने आपात 108 सेवा को फोन किया, लेकिन आपात सेवा की ओर से स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए घायल मरीज को अस्पताल लाने से हाथ खड़े कर दिए।
इसके बाद परिजन घायल महिला को घर ले आए और दूसरे दिन मंगलवार को निजी वाहन से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया।
मुश्किल समय में धोखा देती है आपात सेवा
जिले में मुश्किल समय में मरीजों को राहत देने के स्थान पर आपात 108 सेवा अक्सर धोखा दे जाती है। पहले नए टायर नहीं मिलने और तेल का भुगतान नहीं होने के कारण 108 सेवा के वाहन लंबे समय तक ठप रहे। वहीं अब वर्तमान में स्टाफ की कमी के कारण आपात सेवा का संचालन नहीं हो पा रहा। सेवा सुचारु नहीं होने के कारण कई बार लोगों को जिंदगी से हाथ धोना पड़ा है।