अवैध शराब बांटने वालों पर नजर रहेगी
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के प्रभावी होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है।
श्रीरीठासाहिब थाने में हुई क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों की बैठक में चुनाव प्रचार के दौरान अवैध शराब बांटने वालों पर नजर रखने को कहा गया। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम प्रहरियों को आदर्श आचार संहिता की जानकारी देते हुए ग्रामीण इलाकों में इसके अनुपालन में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। गांवों में बाहरी व्यक्तियों और फेरी वालों के संबंध में भी थाने में सूचना देने को कहा गया।
अवैध खनन पर भी नजर रखने की हिदायत दी गई। थानाध्यक्ष ने सभी ग्राम प्रहरियों से अपने मोबाइल ऑन रखने को कहा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्राम प्रहरियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सरकारी संपत्तियों और निजी भवनों में किसी भी राजनैतिक दल के बैनर पोस्टर को नहीं लगाने देने के निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर पैरा लीगल वालंटियर, भगवान राम, भगवान शर्मा, कुशल कुमार, एसआई प्रकाश राम विश्वकर्मा, जगत सिंह, करतार सिंह, ललित चौधरी, दिनेश पांडेय आदि ने भी ग्राम प्रहरियों का मार्गदर्शन किया।