बनबसा (चंपावत)। ग्राम पंचायत देवीपुरा के प्रधान दीपक प्रकाश चंद ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर गांव में जंगली और लावारिस पशुओं से हो रहे नुकसान से निजात दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामसभा देवीपुरा के मझगांव तोक में जंगली और लावारिस जानवरों का उत्पात बहुत बढ़ गया है। पशु किसानों की फसल तहसनहस कर रहे हैं। इससे खेती करना मुश्किल हो गया है। जंगली जानवर अब तक ग्रामीण जौहार सिंह, सुरेंद्र सिंह महर, महेश तिवारी, शेखर तिवारी, रघुबीर सिंह महर,आनंद जेठी, विक्रम जेठी की फसल को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने जंगली जानवरों से बचाव के लिए गांव के चारों ओर सोलर फेंसिंग कराने की मांग की है। संवाद
फागपुर में कटखने बंदरों को पकड़ने की मांग
बनबसा (चंपावत)। ग्रामीण क्षेत्र में वन विभाग और प्रशासन की उदासीनता से बंदरों का उत्पात बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामले में आंबेडकर ग्राम फागपुर में घरों में घुसकर बंदर सामान उठा ले जा रहे हैं। शोर मचाने पर झपट रहे हैं। अब तक बंदरों के हमले में कई बच्चे और महिलाएं घायल हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटखने बंदरों पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।
बता दें कि कुछ समय से नगर और ग्रामीण क्षेत्र में बंदरों उत्पात काफी बढ़ गया है। ग्राम पंचायत फागपुर के ग्राम प्रधान हर्ष बहादुर चंद ने बताया कि गांव में अचानक घरों में घुसकर बंदर खाने पीने का सामना उठा ले जा रहे हैं। कई बार भगाने के प्रयास में बंदर हमला कर देते हैं। उन्होंने कटखने बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। संवाद