गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। नैनी-पव्वाधार सड़क पर रोल गांव के पास गड्ढे से बचने के लिए स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी लाया गया। तीन घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
वसंत पंचमी की सुबह मटेला गांव के जगदीश सिंह (32) कार से अपनी पत्नी ज्योति बिष्ट (29) और बच्चों सृष्टि (6), जीविका (4) के अलावा गांव की एक महिला पूजा (28) पत्नी गणेश के साथ पव्वाधार से गंगोलीहाट आ रहे थे। पव्वाधार से चार किमी आगे चालक नीरज सिंह सड़क पर बने गड्ढे को बचाने के चलते कार से नियंत्रण खो बैठा।
इससे कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया।
डॉ. उमाकांत ने प्राथमिक उपचार के बाद अधिक चोट होने पर ज्योति, पूजा और सृष्टि को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस टीम में दरोगा मो. आकिल सिद्दीकी, सत्येंद्र पाल सिंह, विनोद जोशी, राजेंद्र रजवार, आनंद सिंह शामिल रहे।
सड़क बदहाली से लोगों में नाराजगी
व्यापार संघ उपाध्यक्ष रोल निवासी जगदीश सिंह बोहरा, गणेश राम, शंकर प्रसाद, सूरज कुमार ने कहा कि सड़क की स्थिति सुधारने के लिए पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन कोई कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने शीघ्र सड़क को दुरुस्त नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।