लोहाघाट के पाटन-पाटनी ग्राम पंचायत में कोषागार के पास कूड़ा डालने वालों की खैर नहीं। प्रशासन ने यहां लगे कूड़े के ढेरों का निस्तारण कराकर नोटिस बोर्ड लगा दिया है। कूड़ा फेेंकते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही एक हजार रुपये जुर्माना भी वसूला जाएगा।
पाटन पानी ग्राम पंचायत के कोषागार के पास कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही थी। इसके अलावा नगर पंचायत और पाटन-पाटनी ग्राम पंचायत की सीमा में कोषागार के पास लोग धड़ल्ले से वर्षों से कूड़ा फेंक रहे थे। इससे यहां कूड़े के ढेर लग रहे थे। लोगों को हो दिक्कतों को 25 सितंबर के अमर उजाला के अंक में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था।
इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने वहां लगे कूड़े के ढेरों का निस्तारण कर दिया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा उपजिलाधिकारी आरसी गौतम की ओर से इस जगह पर चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। बोर्ड में लोगों से इस जगह पर कूड़ा डालने की अपील की गई है। बोर्ड में लिखा गया है कि इस मार्ग पर कूड़ा डालना दंडनीय अपराध है। कूड़ा डालते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति को एक हजार रुपये का जुर्माना देना होगा।