पिथौरागढ़। सीमांत जिले में बेटी पढ़ाओ के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। पानी के लिए जूझ रहीं कन्या हाईस्कूल तामानौली की बेटियां इसका प्रमाण हैं। यहां बेटियों को पीने का पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। पानी न होने से बेटियों के मिड-डे-मील पकाना भी मुश्किल हो गया है।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई जनसुनवाई में तामानौली के ग्रामीणों ने कन्या हाईस्कूल में पेयजल संकट का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि स्कूल में पेयजल आपूर्ति ठप है। बेटियों को अपनी प्यास बुझाने के लिए घर से बोतल में पानी ढोना पड़ रहा है। वहीं मिड डे मील पकाना भी मुश्किल हो रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र स्कूल में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए।
तिलढुकरी के लोगों ने कहा कि आवासीय भवनों के पास लगे चीड़ के पेड़ खतरा बने हुए हैं। डीएम ने वन विभाग को मामले में उचित कार्रवाई करने को कहा। राड़ीखूटी के ग्रामीणों ने रामगंगा में हो रहे खनन के कारण भू-कटाव से उनके घरों को पैदा हो रहे खतरे का मुद्दा उठाया। डीएम ने अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसडीएम जितेंद्र वर्मा, पीडी आशीष पुनेठा, डीडीओ रमा गोस्वामी, सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।