लोहाघाट नगर में कीटनाशकों का छिड़काव करवाते चेयरमेन गोविंद वर्मा।
- फोटो : LOHAGHAT
शहर के कूड़े का निस्तारण आखिरकार आठवें दिन हो गया। निर्माणाधीन ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा फेंकने का विरोध कर रहे कलीगांव, राईकोट के प्रतिनिधिमंडल की प्रशासन, नगर पंचायत और शहर के लोगों के साथ हुई बैठक में कलीगांव के लोगों ने सशर्त कूड़ा डालने पर सहमति जताई।
नगर पंचायत ने जल्द ही निर्माणाधीन ट्रंचिंग ग्राउंड का कार्य शुरू करने के साथ कूड़े के निस्तारण को पुख्ता बंदोबस्त करने का आश्वासन दिया। एसडीएम आरसी गौतम की अध्यक्षता में वन पंचायत सभागार में हुई बैठक में कलीगांव के प्रतिनिधि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपाल सिंह मेहता ने ग्रामीणों की मांगें रखीं। कहा कि गांव के लोगों को चंदाखाल में स्वीकृत ट्रंचिंग ग्राउंड से कोई एतराज नहीं है मगर ट्रंचिंग ग्राउंड नियमों के हिसाब से बने तभी कूड़ा वहां डाला जाए।
इससे गांव की आबादी और पेयजल स्रोत प्रभावित नहीं होंगे। नगर पंचायत लंबे समय से चंदाखाल में कूड़ा डाल रहा है लेकिन कूड़े का ठीक से निस्तारण नहीं किए जाने से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए डीपीआर स्वीकृत होने के बाद शासन से प्रथम किस्त भी अवमुक्त हो चुकी है। जल्द ही ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण होगा। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए वहां पर कूड़ा निस्तारण के लिए गड्ढों का निर्माण किया जाएगा। ट्रंचिंग ग्राउंड में नियमित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और टिन की चहारदीवारी का निर्माण होगा।
शनिवार को शहर में बीते आठ दिनों से डंप कूड़े का निस्तारण किया गया। नगर पंचायत के सफाई हेड हरचरन के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने कूड़े का निस्तारण कर उसमें कीटनाशकों का छिड़काव किया। बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी एमएम भट्ट, रेंजर दीप जोशी, पीएस मेहता, डॉ.महेश ढेक, शैलेंद्र राय, जितेंद्र साह, विपिन वर्मा, लता वर्मा, पुष्पा ढेक, ईओ कमल कुमार आदि थे।