टनकपुर (चंपावत)। व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी चुनने को तैयार व्यापारी मतदाता बाजार की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए नई कार्यकारिणी से समस्याओं को हल कराने की उम्मीद जता रही है। उनका मानना है कि व्यापारी हित में काम करने के साथ ही बाजार की समस्याओं को भी दूर कराने के लिए व्यापार मंडल असरदार तरीके से पहल करे। काली कुमाऊं का अंतिम रेल होने के बावजूद यहां रेलवे ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं मिल रही है। व्यापारियों का मानना है कि रेलवे ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी तो सामान आयात और निर्यात करने में व्यापारियों को बेहतर और सस्ती सुविधा मुहैया होगी। बड़ी रेल लाइन के निर्माण के वक्त शहर के व्यापारियों ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष रेलवे ट्रांसपोर्ट सुविधा की भी मांग उठाई थी, लेकिन रेलवे प्रशासन की और से फिलहाल इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की है। व्यापारी चाहते हैं कि व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी रेलवे ट्रांसपोर्ट सुविधा शुरू कराने की असरदार पहल करे।
खनन व्यवसायी योगेंद्र सिंह ज्याल योगी का कहना है कि छोटी रेल लाइन के रहते पूर्व में यहां से रेलवे की मालगाड़ी रैक लगती थी। खनन कारोबारियों को यूपी के विभिन्न क्षेत्रों में पत्थरों की सप्लाई में भी सुविधा मिलती थी। जब से रैक लगनी बंद हुई खनन कारोबार भी चौपट होता चला गया। उन्होंने कहा कि यूनियन अध्यक्ष पद पर रहते उन्होंने बड़ी रेल लाइन निर्माण के वक्त रेलवे के अधिकारियों को कई बार मांग पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कपड़ा व्यवसायी सत्यप्रकाश गुप्ता का कहना है कि कारोबार के लिहाज से रेलवे ट्रांसपोर्ट की सुविधा बेहद जरूरी है। पूर्व में सुविधा थी तो यहां के व्यापारी रेलवे पार्सल से अपना सामान मंगाते थे और यहां से भी जड़ी-बूटी, खनिज सामग्री आदि की बाहरी क्षेत्र में सप्लाई में आसानी होती थी। उनका कहना है कि कारोबारी सुविधा से जुड़ी इस मांग को पूरा कराने में व्यापार मंडल को असरदार तरीके से प्रयास करना चाहिए।
सीमेंट व्यवसायी दीनदयाल अग्रवाल का कहना है कि रेलवे की ट्रांसपोर्ट सुविधा न होने से सिर्फ व्यापारियों को ही नहीं ग्राहकों पर भी इसकी मार पड़ रही है। रेलवे की सीमेंट रैक रुद्रपुर और हल्दी में उतर रही है। यहां के व्यापारियों को ट्रकों में महंगा किराया देकर सीमेंट मंगाना पड़ रहा है। टनकपुर में रेलवे ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी और सीमेंट की रैक यहां उतरनी शुरू होगी तो चंपावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़ और धारचूला तक के व्यापारी लाभान्वित होंगे।
किराना व्यवसायी पंकज कुमार गर्ग का कहना है कि चंपावत जैसे पहाड़ी जिलेे में टनकपुर का मैदानी शहर रेलवे ट्रांसपोर्ट की सुविधा से वंचित है जबकि नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कारोबारी तरक्की हुई है, लेकिन टनकपुर आज भी कारोबार के लिहाज से काफी पिछड़ा है। इसमें सुधार के लिए व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी को व्यापारियों और आम ग्राहकों के हित में रेलवे ट्रांसपोर्ट की सुविधा शुरू कराने के प्रयास करने चाहिए।